नीरज कुमार सिंह संवाददाता परसपुर गोंडा / Tue, Apr 28, 2026 / Post views : 14

गोण्डा। श्रीमती शांति देवी इंटर कॉलेज, पांडेय बाजार में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद द्वारा वंदे मातरम के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सामूहिक गायन का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा मां सरस्वती एवं स्वामी विवेकानंद के चित्र पर दीप प्रज्वलन एवं पुष्पार्चन के साथ किया गया। कार्यक्रम के दौरान विभाग संयोजक आदर्श तिवारी ‘आजाद’ ने परिषद का परिचय एवं प्रस्तावना प्रस्तुत करते हुए वंदे मातरम को भारतीय स्वाधीनता संग्राम की चेतना का प्रतीक बताया। वहीं मुख्य वक्ता व प्रांत सहमंत्री शिवम मिश्रा ने गीत के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए छात्रों को अपने भीतर राष्ट्र प्रथम की भावना जागृत करने हेतु प्रेरित किया।

इसी क्रम में जिला प्रमुख डॉ. पवन कुमार शुक्ल ने परिषद की गतिविधियों पर चर्चा करते हुए बताया कि शिक्षा परिसरों में राष्ट्रवाद के भाव को सुदृढ़ करने के लिए इस अभियान को व्यापक स्तर पर संचालित किया जा रहा है। आयोजन के अंत में प्रधानाचार्य श्री मदन गोपाल श्रीवास्तव ने परिषद के इस प्रयास की सराहना करते हुए सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया एवं धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षकों, परिषद कार्यकर्ताओं और सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने पूर्ण राष्ट्रभक्ति के साथ सामूहिक रूप से वंदे मातरम का गायन कर आयोजन को सफल बनाया। इस अवसर पर मुकेश सोनी, ज्ञानेंद्र, डॉ. संतोष श्रीवास्तव, सूरज चतुर्वेदी, अमरेश प्रजापति, अंतरिक्ष त्रिपाठी, प्रभात शुक्ल सहित विद्यालय के समस्त शिक्षकगण, छात्र एवं छात्राएं उपस्थित रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन