नीरज कुमार सिंह संवाददाता परसपुर गोंडा / Fri, May 1, 2026 / Post views : 24

परसपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चरसड़ी स्थित सावित्री भारत गैस एजेंसी पर गैस वितरण को लेकर गुरुवार को जमकर हंगामा और मारपीट हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि एजेंसी परिसर तनाव और अफरा-तफरी का केंद्र बन गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि वायरल वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। पुलिस ने एजेंसी संचालक की तहरीर पर पूर्व विधायक के बेटे समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बताया जा रहा है कि क्षेत्र में काफी दिनों से गैस सिलेंडर वितरण में देरी, गैस की किल्लत और उपभोक्ताओं को बार-बार एजेंसी का चक्कर लगाने की शिकायतें मिल रही थीं। गुरुवार को इसी समस्या को लेकर करनैलगंज के पूर्व भाजपा विधायक कुंवर अजय प्रताप सिंह उर्फ लल्ला भैया के पुत्र कमलेन मोहन सिंह अपने समर्थकों के साथ एजेंसी पहुंचे और गैस न मिलने का कारण पूछा। इसी दौरान एजेंसी संचालक वैभव सिंह से कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और एजेंसी कर्मियों तथा समर्थकों के बीच जमकर मारपीट होने लगी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों पक्षों में लात-घूंसे चले और कुर्सियां तक फेंकी गईं। वायरल वीडियो में एक व्यक्ति खाली गैस सिलेंडर उठाकर हमला करता दिखाई दे रहा है। मारपीट के दौरान अफरा-तफरी मच गई और मौके पर मौजूद लोग इधर-उधर भागने लगे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया। घटना में घायल हुए वैभव सिंह, अंकुर तिवारी और दीपक सिंह को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजकर चिकित्सीय परीक्षण कराया गया। एजेंसी संचालक वैभव सिंह पुत्र राजेश सिंह निवासी ग्राम चरसड़ी की ओर से दी गई तहरीर में आरोप लगाया गया है कि 30 अप्रैल 2026 को शाम करीब 4:30 बजे वह सावित्री भारत गैस एजेंसी चरसड़ी पर गैस वितरण का कार्य करा रहे थे। इसी दौरान कमलेन मोहन सिंह पुत्र स्वर्गीय कुंवर अजय प्रताप सिंह निवासी ग्राम बरगदी थाना करनैलगंज जनपद गोण्डा, अभिनव सिंह पुत्र अज्ञात निवासी ग्राम लालेमऊ थाना करनैलगंज जनपद गोण्डा, अंशु सिंह पुत्र राजेन्द्र सिंह निवासी ग्राम मुडेरवा थाना करनैलगंज जनपद गोण्डा तथा पुनीत शुक्ला पुत्र रामदेव शुक्ला निवासी ग्राम सरैया थाना परसपुर जनपद गोण्डा एजेंसी पर पहुंचे और जबरन गैस सिलेंडर देने का दबाव बनाने लगे। मना करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी तथा कुर्सी और गैस सिलेंडर फेंककर हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे अंकुर तिवारी पुत्र घनश्याम तिवारी और दीपक सिंह पुत्र त्रिलोकी सिंह के साथ भी मारपीट की गई। तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से चले गए। पुलिस ने तहरीर के आधार पर चारों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

9वहीं स्थानीय उपभोक्ताओं का कहना है कि गैस एजेंसी पर लंबे समय से मनमानी की जा रही है। बुकिंग के बावजूद समय पर सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है और लोगों को कई-कई बार एजेंसी का चक्कर लगाना पड़ रहा है। घटना के बाद क्षेत्र में गैस वितरण व्यवस्था को लेकर लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। स्थानीय नागरिकों ने गैस वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता और सुधार की मांग की है। इस संबंध में परसपुर थानाध्यक्ष कमल शंकर चतुर्वेदी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर चार लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।वहीं जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन की चेतावनी के बावजूद इन दिनों एलपीजी व ईंधन की भारी किल्लत के कारण जिले की तमाम गैस एजेंसियों और पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें लग रही हैं। कई स्थानों पर विवाद और मारपीट की घटनाओं के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, जिससे प्रशासन की चिंता बढ़ गई है।
विज्ञापन
विज्ञापन