नीरज कुमार सिंह संवाददाता परसपुर गोंडा / Thu, Feb 26, 2026 / Post views : 377
नगर पंचायत परसपुर के भौरीगंज मार्ग स्थित तुलसी पार्क के सामने संचालित उच्च प्राथमिक विद्यालय द्वितीय (कन्या पाठशाला ) में छात्र -छात्राएँ लंबे समय से दूषित, पीला और बदबूदार पानी पीने को विवश हैं। स्थिति इतनी खराब है कि स्कूल के नल से आने वाले पानी की बदबू के कारण उसके पास खड़ा होना भी मुश्किल हो जाता है, लेकिन संसाधनों के अभाव में मासूम छात्र छात्राएँ मजबूर होकर पानी पीते हैं। विद्यालय में कार्यरत शिक्षक अपना पानी घर से लाते हैं या बोतलबंद पानी मँगवाते हैं, जबकि छात्र छात्राओं को बाहर दुकानों पर रखे फिल्टर वाले डिब्बों से पानी भरकर पीना पड़ता है। शिक्षा संस्थान में शुद्ध पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा का न होना बच्चों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर चिंता का विषय है। कई वर्ष पहले नगर पंचायत ने विद्यालय के बाहर वाटर कूलर स्थापित कराया था, लेकिन कुछ ही महीनों में असामाजिक तत्वों ने उसे क्षतिग्रस्त कर दिया। बाद में उसकी मशीन भी गायब हो गई और तब से आज तक कोई नई व्यवस्था नहीं की गई। स्थानीय सभासद जगदीश सोनी ने बताया कि बच्चों के स्वास्थ्य और भविष्य के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जा सकती। उन्होंने प्रशासन से विद्यालय परिसर में शीघ्र वाटर कूलर एवं शुद्ध पेयजल की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की, ताकि छात्राएँ सुरक्षित पानी प्राप्त कर सकें और बार–बार भटकने की स्थिति न बने।
विज्ञापन
विज्ञापन