नीरज कुमार सिंह संवाददाता परसपुर गोंडा / Fri, Apr 17, 2026 / Post views : 124


परसपुर ( गोंडा ) : एसडीएम करनैलगंज नेहा मिश्रा के नेतृत्व में बृहस्पतिवार को अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। नगर पंचायत परसपुर के ईओ अनुराग शुक्ला ने दुकानदारों से स्वयं से अतिक्रमण हटाने के लिए अनाउंस कराया। वहीं पीडब्ल्यूडी, राजस्व, नगर पंचायत व पुलिस की संयुक्त टीम ने परसपुर थाना से बालपुर-परसपुर मार्ग, परसपुर चौराहा से आटा तक व भौरीगंज मार्ग का भ्रमण कर दुकानदारों से संवाद करते हुए सड़क की पटरियों से अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। एसडीएम ने बताया कि सड़क के मध्य से माप कर स्थान चिन्हित कर पेंट से निशान लगाकर दायरे में आए निर्मित अतिक्रमण को एक सप्ताह में हटाने के निर्देश दिए गए हैं, अन्यथा की स्थिति में बुलडोजर की कार्रवाई की जाएगी। एसडीएम नेहा मिश्रा ने बताया कि विगत कई दिनों से शिकायतें मिल रही थीं तथा समाचार पत्रों के माध्यम से भी परसपुर नगर पंचायत में अतिक्रमण के कारण जाम लगने की जानकारी मिल रही थी। बृहस्पतिवार को राजस्व, नगर पंचायत, पीडब्ल्यूडी व पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि कुछ दुकानदारों ने अपनी दुकान बढ़ाकर सड़क पर लगा ली है, जिससे आवागमन बाधित हो रहा है, जिसे हटाने के लिए चार-पांच दिन का समय दिया गया है। साथ ही अभियान चलाकर 10 दिन तक अतिक्रमण का सीमांकन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि रोस्टर बनाकर अतिक्रमण हटाया जाएगा तथा अतिक्रमण हटाने के लिए नोटिस भी दी गई है। वहीं पांच दुकानों का चालान भी किया गया है। उन्होंने दुकानदारों से स्वयं अतिक्रमण हटाने की अपील करते हुए कहा कि शांतिपूर्ण तरीके से अपनी दुकानें चलाएं, प्रशासन आपके साथ है, लेकिन सड़कों पर अतिक्रमण न करें, जिससे यातायात व्यवस्था सुचारू रूप से चल सके और जाम की स्थिति न बने। इस अवसर पर ईओ अनुराग शुक्ला, पीडब्ल्यूडी के अवर अभियंता योगेश चौहान, राजस्व निरीक्षक अमरजीत सिंह, थानाध्यक्ष कमलशंकर चतुर्वेदी आदि मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन