नीरज कुमार सिंह संवाददाता परसपुर गोंडा / Fri, Jan 9, 2026 / Post views : 166


परसपुर (गोंडा) : परसपुर नगर पंचायत के वार्ड नंबर छह राजा टोला में गुरुवार देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई जब डाकघर के समीप पुल्लू मौर्या के दरवाजे के सामने स्थित कुएं में एक बेसहारा सांड गिर गया। रात करीब दस बजे हुई इस घटना की जानकारी होते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए और सांड को बचाने के प्रयास शुरू कर दिए। भीषण ठंड के बीच कुएं में गिरे मवेशी को बाहर निकालना आसान नहीं था जिसके चलते काफी देर तक मशक्कत करनी पड़ी। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी जिस पर थाना परसपुर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।


हालात को देखते हुए कुएं में पानी भरवाकर जलस्तर बढ़ाया गया जिसके बाद पानी के ऊपर तैरते सांड को रस्सियों व अन्य संसाधनों की मदद से किसी तरह बाहर निकाला गया। काफी प्रयासों के बाद सांड के सुरक्षित बाहर निकलते ही ग्रामीणों व पुलिस कर्मियों ने राहत की सांस ली। इस मानवीय संवेदनात्मक बचाव कार्य में परसपुर पुलिस निवासी उपेन्द्र रावत, मनीष ,अखिलेश कुमार यादव, नरसिंग पाल और अनंतराम पीआरडी की सक्रिय भूमिका रही, जिसकी चारों ओर सराहना की गई।
विज्ञापन
विज्ञापन