नीरज कुमार सिंह संवाददाता परसपुर गोंडा / Sun, Jan 5, 2025 / Post views : 125



परसपुर (गोंडा): नगर पंचायत परसपुर स्थित स्वामी विवेकानंद पब्लिक स्कूल में रविवार को रामकृष्ण मिशन सेवाश्रम, लखनऊ के तत्वावधान में कंबल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर 600 गरीब और असहाय लोगों को कंबल वितरित किए गए। कार्यक्रम का शुभारंभ रामकृष्ण मिशन सेवाश्रम के स्वामी रामाधिसरानंद जी ने स्वामी विवेकानंद के चित्र पर धूप, दीप प्रज्ज्वलित कर और माल्यार्पण कर किया। उन्होंने कहा कि मानवता की सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है और समाज में सहयोग और सेवा की भावना को बढ़ावा देना बेहद जरूरी है।



स्वामी रामाधिसरानंद जी ने बताया कि रामकृष्ण मिशन सेवाश्रम लखनऊ के अध्यक्ष स्वामी मुक्तिनाथानंद जी के निर्देश पर यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। बढ़ती ठंड को देखते हुए पहले गांव-गांव जाकर अत्यंत गरीब और असहाय लोगों की पहचान की गई। इसके बाद चयनित 600 पात्र व्यक्तियों को कंबल वितरित किए गए।



इस कार्यक्रम में राधेश्याम सोनी, शैलेन्द्र सिंह, शिवमूर्ति सिंह, शिवा सिंह, सुनील सिंह, अजय पांडेय, राम सुंदर पांडेय, सरजू कौशल, कुंवर विजय बहादुर सिंह बच्चा साहब और सतेन्द्र सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने अपने हाथों से जरूरतमंदों को कंबल वितरित कर उनकी मदद की।
विज्ञापन
विज्ञापन