नीरज कुमार सिंह संवाददाता परसपुर गोंडा / Fri, Jun 26, 2026 / Post views : 111

परसपुर ( गोंडा ) : परसपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पसका बाजार निवासी 55 वर्षीय राजेंद्र प्रसाद गुप्ता पुत्र बच्चू लाल की शुक्रवार सुबह त्रिमुहानी संगम पसका घाट पर सरयू नदी में डूबने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि रात में उनकी तबीयत कुछ खराब थी। इसके बावजूद वह प्रतिदिन की तरह सुबह तकरीबन 5 बजे टहलने के लिए घाट पर पहुंचे और पुल की रेलिंग पर बैठकर हवा ले रहे थे। इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से वह सरयू नदी में गिर गए। नदी में स्नान कर रहे लोगों ने शोर मचाया जिसके बाद पसका गांव के गजेंद्र सिंह सहित स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही चौकी पसका पुलिस तथा स्थानीय गोताखोरों और मछुआरों की मदद से खोजबीन शुरू की गई। करीब पांच घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सुबह लगभग 10:30 बजे राजेंद्र प्रसाद गुप्ता का शव नदी से बरामद कर लिया गया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
मृतक अपने पीछे तीन पुत्र मनीष गुप्ता, राहुल गुप्ता एवं अंकित गुप्ता तथा चार पुत्रियां रूपा, रुचि, रिंकी और कंचन को छोड़ गए हैं। सभी संतानों का विवाह हो चुका है। उनकी पत्नी गीता देवी का लगभग छह वर्ष पूर्व निधन हो चुका था। मृतक के पुत्र राहुल गुप्ता ने बताया कि इस घटना पर परिवार को अब भी विश्वास नहीं हो रहा है और पहले कभी इस तरह की घटना नहीं हुई थी। इस संबंध में परसपुर थानाध्यक्ष कमल शंकर चतुर्वेदी ने बताया कि 55 वर्षीय राजेंद्र गुप्ता की मृत्यु नदी में डूबने से हुई है शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए मामले की जांच की जा रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन