आर के पाण्डेय एडिटर इन चीफ बैज़लपुर उत्तर प्रदेश / Mon, Nov 22, 2021 / Post views : 164
अमेरिका में विस्कॉन्सिन के वुकेशा शहर में रविवार को एक SUV क्रिसमस परेड में शामिल लोगों के बीच से गुजर गई। इस हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई है। साथ ही 40 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। घायलों में बच्चे भी शामिल हैं, जो अपने परिवार वालों के साथ परेड का हिस्सा बनने आए थे। घायलों को पुलिस ने हॉस्पिटल में भर्ती करा दिया है। इनमें कुछ को गंभीर चोटें आई हैं।
वुकेशा के पुलिस चीफ डेनियल थॉम्पसन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि SUV को बरामद कर लिया गया है, लेकिन इसका ड्राइवर फरार है। संदिग्ध की तलाश की जा रही है। उन्होंने कहा कि घटनास्थल पर हालात अब सामान्य हैं। इस घटना को किस मकसद से अंजाम दिया गया, इसकी जानकारी अभी तक नहीं मिल पाई है। मामले की जांच की जा रही है।

घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई
शहर के मेयर शॉन रेली ने इसे वुकेशा के लिए दर्दनाक घटना बताया है। वहीं, घटनास्थल पर मौजूद स्कॉट ग्रेगर नाम के व्यक्ति ने मीडिया से बातचीत में अपनी आंखों देखी साझा की। उन्होंने कहा कि SUV तेज रफ्तार से परेड के बीच घुसी। गाड़ी से टक्कर लगने पर लोग इधर-उधर गिरने लगे। लोगों को समझ ही नहीं आया कि अचानक क्या हो रहा है। मौके पर अफरातफरी मच गई।

मार्च में बड़ी संख्या में शामिल थे लोग
ग्रेगर ने बताया कि घटना के समय मार्च में बड़ी संख्या में लोग शामिल थे। दर्शकों की तादाद भी ज्यादा थी। हालात को सामान्य होने में काफी समय लगा। 58वीं एनुअल क्रिसमस परेड दोपहर 2 बजे शुरू हुई, जिसे शाम 6 बजे समाप्त होना था। पिछले साल कोरोना वायरस महामारी के चलते परेड नहीं निकाली गई थी।
विज्ञापन
विज्ञापन